गृह प्रवेश के दूसरे दिन पति ने पत्नी की हत्या के बाद लगाई फांसी

लखनऊ। गोमती नगर विस्तार के गंगोत्री विहार फेस दो में संदिग्ध हालात में दंपती की मौत हो गई। दंपती ने मंगलवार को ही गृह प्रवेश किया था। दोनों ने मंगलवार रात में परिवार व रिश्तेदारों के साथ पार्टी भी की थी। देर रात तक वहां काफी हलचल थी। आशंका जताई जा रही है कि पति ने पत्नी की हत्या के बाद फांसी लगाई थी।
प्रभारी निरीक्षक सुशांत गोल्फ सिटी ने बताया कि श्याम किशोर मिश्रा व उनकी पत्नी साधना की मौत हुई है। घरवालों का कहना है कि दोनों ने घर में फांसी लगा ली थी। दरवाजा तोड़ कर दोनों को निकाला गया। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने बताया कि मंगलवार सुबह दंपती ने काफी देर तक दरवाजा नहीं खोला। परिवार जन ने उन्हें आवाज दी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
अनहोनी की आशंका पर घरवालों ने दरवाजा तोड़ दिया और भीतर दाखिल हुए। श्याम किशोर के घरवालों का कहना है कि दंपती फंदे पर लटके थे। काफी देर तक किसी ने पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी। साधना के मायके वालों को जब घटना की जानकारी हुई तो वह वहां पहुंचे। इसके बाद हंगामा शुरू हो गया। आशंका जताई जा रही है कि श्याम किशोर ने पत्नी की हत्या के बाद फांसी लगा ली थी। दोनों में देर रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि, घरवालों को इस बात की जानकारी नहीं है कि श्याम किशोर और साधना में किस बात को लेकर विवाद हुआ था।
केबीसी की हाट सीट पर बैठेंगे लखनऊ के मेधावी मानस, अमिताभ बच्चन के सवालों का देंगे जवाब
लखनऊ। दिल्ली पब्लिक स्कूल जानकीपुरम शाखा के कक्षा दस के छात्र मानस गायकवाड़ कौन बनेगा करोड़पति के हाॅटसीट पर बैठे नजर आ रहे हैं। सोनी चैनल पर प्रसारित हाेने वाले कार्यक्रम कौन बनेगा करोड़पति में 15 से 20 नवंबर तक स्टूडेंट्स स्पेशल मनाया जा रहा है। मानस ने स्टूडेंट्स स्पेशनल एपिसोड्स में अपनी जगह बना ली है। 17 और 18 नवंबर को इसका प्रसारण होगा, जिसका प्रोमा भी चैनल की तरफ से जारी किया गया है। मानस ने देशभर से चयनित 10 विद्यार्थियों के बीच अपनी जगह बनाई है। वह बिग बी यानी अमिताभ बच्चन के सवालों का जवाब देंगे।
मानस के पिता अनिल गायकवाड़ सीडीआरआइ में सीनियर प्रिंसिपल साइंटिस्ट और मां राजश्री गृहिणी हैं। पिता अनिल गायकवाड़ ने बेटे की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बेटा शुरू से ही प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेता रहा है, इस बार केबीसी तक पहुंचा, यह गौरव की बात है। कौन बनेगा करोड़पति में स्टूडेंट्स स्पेशल वीक के लिए सितंबर माह में एक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसमें देश भर से लाखों बच्चों ने हिस्सा लिया था। अंतिम चरण के लिए इसमें से छह सौ विद्यार्थियों को मुंबई बुलाया गया था। अंतिम चरण की प्रतियोगिता के बाद केवल दस विद्यार्थियों को चयनित किया गया।
इन विद्यार्थियों के बीच फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट का मुकाबला हुआ। मानस इसमें कामयाब होकर हाट सीट तक पहुंचे। दिल्ली पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल नीरू भास्कर ने बताया कि मानस ने अपनी मेधा और प्रतिभा के बल पर स्कूल और शहर का नाम रोशन किया है। हम अपने आप को गौवांवित महसूस कर रहे हैं। इससे पहले भी स्कूल से कई विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय विभिन्न मंचों पर दिया है। इससे पहले इसी स्कूल की छात्रा राशि का चयन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ चंद्रयान दो की लैंडिंग देखने के लिए हुआ था। हम अपने विद्यार्थियों की उपलब्धि बेहतर गर्वित हैं।