भाजपाइयों ने केजरीवाल सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला फूंका

देहरादून। भाजपाइयों ने दिल्ली की केजरीवाल सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। आक्रोशित भाजपाइयों का कहना था कि दिल्ली की बदतर हालत कर चुके सीएम केजरीवाल अब चुनाव में उत्तराखंड की जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं।
मंगलवार को भाजपाई भाजयुमो के पूर्व महानगर अध्यक्ष श्याम पंत और महामंत्री राजेश रावत के नेतृत्व में लैंसडाउन चौक पर एकत्र हुए। यहां केजरीवाल सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला फूंका। पूर्व अध्यक्ष श्याम पंत ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की जनता को बड़े-बड़े सपने दिखाए गए थे, लेकिन आज दिल्ली की जनता स्वयं को ठगा महसूस कर रही है। दिल्ली में प्रदूषण की वजह से सांस लेना मुश्किल हो रखा है, लॉकडाउन जैसी स्थिति बनी हुई है। सुप्रीम कोर्ट भी दिल्ली सरकार को फटकार लगा चुकी है। उन्हीं की पार्टी अब चुनाव में उत्तराखंड के लोगों को मुफ्त बिजली-पानी का सपना दिखा रही है, लेकिन उत्तराखंड की जनता समझदार है, आप पार्टी के बहकावे में नहीं आएगी। प्रदर्शन करने वालों में सोशल मीडिया प्रभारी श्याम सुंदर, सह सोशल मीडिया प्रभारी महानगर सौरव कपूर, करनपुर मंडल अध्यक्ष विजय थापा, उपाध्यक्ष महेश गुप्ता, गौरव सहगल, सागर सोनकर, अध्यक्ष सौरभ शर्मा, गौरव कनौजिया, रवि सोनकर, प्रीतम शाह, मनमोहन रावत, अकीब अहमद आदि मौजूद रहे।