महिला से छेड़छाड़ करने वाले चार लोगों पर केस

रुद्रपुर। पड़ोसी ने घर में महिला को अकेली देखकर उससे छेड़छाड़ करने की कोशिश की। पीड़िता के पति की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। गदरपुर नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड 1 निवासी एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर दी। कहा 7 फरवरी उसकी पत्नी घर में अकेली थी। करीब 8:30 बजे उसका पड़ोसी घर में घुस आया और उसके पत्नी के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की। घर पर बूढ़ी मां बीमार थी जो बीच-बचाव भी नहीं कर सकी। शाम को लौटने पर पत्नी ने घटना की जानकारी दी। अगले दिन आरोपी ने अपने अन्य परिजनों के साथ मिलकर उसकी पत्नी पर अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की। जिससे परेशान उसकी पत्नी ने घर में रखा कीटनाशक खा लिया और उसका स्वास्थ्य बिगड़ गया। उसकी पत्नी का उपचार चल रहा है। इधर, पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ धारा 354 तथा 506 के तहत केस दर्ज कर लिया है।