सफाई कर्मचारी संघ ने अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर किया प्रदर्शन

पौड़ी। देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ की जनपद पौड़ी इकाई द्वारा बुधवार को नगरपालिका परिसर में अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया जिसमें प्रदर्शन का नेतृत्व राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के प्रांतीय महासचिव सीताराम पोखरियाल और देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष प्रवीण कुमार द्वारा किया गया। प्रदर्शन के बाद परिसर में ही एक सभा का आयोजन किया गया। सभा के आयोजन में पुरानी पेंशन बहाली की मांग को प्रमुखता से रखते हुए कर्मचारी संघ के अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने कहा कि सरकार को कर्मचारी हितों का ध्यान रखते हुए 11 सूत्री मांगों को तुरंत मांग लेना चाहिए। सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के प्रांतीय महासचिव सीताराम पोखरियाल ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली को लेकर जो वार्ता वेतन विसंगति समिति के अध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह के साथ हुई है उसकी रिपोर्ट जल्द सरकार को सौंपी जाए। सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के जनपदीय संरक्षक प्रेमचंद्र ध्यानी ने कहा कि सरकार अगर कर्मचारियों की मांगों पर ध्यान नहीं देती तो 2022 बहुत नजदीक है। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के जनपदीय मीडिया प्रभारी प्रदीप सजवान ने कर्मचारी हितों का ध्यान रखते हुए पुरानी पेंशन को जल्द बहाल करने की मांग की। इस मौके पर प्रदर्शन करने वालों में हरीश नेगी, हेमंत कुमार, अनुज भंडारी, गणेश कुमार, प्रवीण कुमार, विनोद गुसाईं, मुकेश कुमार, प्रदीप रावत, सुरेंद्र सिंह आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।